आदिवासी लेखन का कोई प्रवक्ता नहीं : सूरज प्रकाश

संजय कृष्ण : हिंदी के जाने-माने कथाकार, अनुवादक, व्यंग्यकार सूरज प्रकाश से मुलाकात इत्तेफाकन हुई, कथाकार रणेंद्र के सौजन्य से। रांची में हैं। रविवार को मुंबई रवाना होंगे। कई मुद्दों पर बातें हुईं। कई संस्मरण सुनाएं। काशी का अस्सी पर बन रही फिल्म के किस्से भी सुनाए।
पूछता हूं, दस करोड़ की आदिवासी आबादी आखिर हिंदी साहित्य में उपेक्षित क्यों है? दलित लेखन हाशिए से केंद्र में स्थापित हो गया, पर आदिवासी लेखन?
उन्हें उनका प्रवक्ता नहीं मिला। शाइस्तगी और ईमानदारी से वे जवाब देते हैं। कहते हैं, आदिवासी समाज को उनका कोई अपना प्रवक्ता नहीं मिला है। दलित लेखन में कई प्रवक्ता हैं। पर, आदिवासी समाज का अपना कोई नहीं है। निर्मला पुतुल दिखाई पड़ती हैं। मधु कांकरिया, राकेश कुमार सिंह, संजीव ने आदिवासी जीवन पर कहानियां-उपन्यास लिखे हैं। पर वह आब्र्जवेशन ही है। आदिवासी साहित्य की उपेक्षा एक बहुत बड़ा कारण यह भी है कि उन्हें अभी तक मंच नहीं मिला। दलित लेखन के पास मंच है, अकादमी है, रचनाकार हैं, संपादक हैं। पर, आदिवासी समाज के पास इनका अभाव है। यह चिंताजनक है।
चालीस के करीब कहानियां लिख चुके सूरज प्रकाश कहानी के क्षेत्र में सक्रिय वर्तमान पीढ़ी से आश्वस्त हैं। आश्वस्त इस बात को लेकर भी हैं कि उनके पास नई भाषा है, विश्लेषणात्मक नजरिया है, नए विषय हैं। वे भावुक नहीं हैं। बहुत मोह नहीं पाले हुए हैं। हालांकि सूरज जी मानते हैं कि वे थोड़ी हड़बड़ी में हैं। पुरस्कार और मान्यता को लेकर भी कुछ ज्यादा जल्दबाजी उनमें है। यह उनके लिए घातक है। सृंजय का उदाहरण देते हुए कहते हैं कि उन्हें तब बहुत उछाला गया, पर आज कहां हैं? तो इस प्रवृत्ति से युवा लेखकों को बचना चाहिए।
'लेखन बहुत बड़ी शक्ति देता है। छोटे पद या ओछेपन से मुक्ति दिलाता हैÓ-के कायल सूरज एक घुमक्कड़ इंसान हैं। हिमाचल प्रदेश के अपने घुमक्कड़ी का संस्मरण सुनाते हैं। कुल्लू घाटी में सिकंदर के भगोड़े सैनिकों का गांव है मलाना। दस हजार फीट की ऊंचाई पर बसे इस गांव में भारत का कानून नहीं, उनका अपना कानून चलता है। गांव के दो हिस्से हैं, जो आपस में शादियां करते हैं। कोई विवाहित महिला किसी दूसरे पुरुष के साथ रहना चाहे तो वह रह सकती है। इसके बदले वह जिस पुरुष के साथ वह रहने चली जाती है, वह उसके पहले पति का कुछ रुपये दे देता है। वहां कई अजीब रिवाज हैं। हालांकि धीरे-धीरे शिक्षा की रोशनी उनके अंधेरे जिंदगी को प्रकाशित कर रही है।
सूरजजी ने अनुवाद भी काफी किए हैं। चाल्र्स डार्विन व चार्ली चैपलिन की आत्मकथा। गांधी के बड़े बेटे हरिलाल गांधी की जीवनी उजाले की ओर का अनुवाद भी छप रहा है। गांधी की आत्मकथा सत्य के प्रयोग का अनुवाद अभी-अभी खत्म किया है। जार्ज आर्वेल, गैब्रियल गार्सिया मार्खेज की रचनाओं को भी हिंदी में उपलब्ध कराया है। मूलत: पंजाबी भाषी सूरज प्रकाश ने गुजराती से भी काफी अनुवाद किए हैं। गांधी की आत्मकथा के अनुवाद को लेकर कहते हैं कि हर युग के पाठक को ताजा अनुवाद चाहिए। आज की भाषा पहले की भाषा से अलग हैं। हमें आज के मुहावरे में बात करनी चाहिए। चलते-चलते चार्ली चैप्लिन का एक वाक्य सुनाते हैं, 'मैं बरसात में भिंगते हुए रोता हूं, ताकि कोई मेरे आंसू न देख ले।Ó         

कौन हैं कलाम

संजय कृष्ण : भारत रत्न एपीजे अब्दुल कलाम गुरुवार को टोरियन वल्र्ड स्कूल के प्रांगण में गिरिडीह से चलकर आए बिरहोर जनजाति के बच्चों से मिले। गिरिडीह के सरिया बगोदर से चलकर 48 बच्चे अपने शिक्षक गेंदू प्रसाद वर्मा के साथ रांची आए थे। पिंटू बिरहोर कक्षा तीन पढ़ता है। पूछने पर वह नहीं बता पाता कि कलाम कौन हैं? बस उसे यही पता कि किसी से मिलना है। उसकी इस जानकारी पर आश्चर्य नहीं होता। वह ऐसे दूर गांव से आया है, जहां विकास की रोशनी भी नहीं पहुंच पाई है। वह भला टोरियन के फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते बच्चों के साथ अपनी तुलना कैसे कर सकते हंै? पता नहीं, गिरिडीह की डीसी ने इन बच्चों को कलाम से मिलने के लिए क्यों भेजा था? इनकी नुमाइंगी किए लिए? क्या आदिवासी प्रदर्शनी के ही काबिल हैं?
सचमुच टोरियन वल्र्ड स्कूल में एक ओर दीनहीन भारत था तो दूसरी ओर चमकदार इंडिया था। दीनहीन भारत का प्रतिनिधित्व यही बिरहोर बच्चे कर रहे थे, जिनके शरीर पर सरकार द्वारा दी गई ड्रेस थी। ये बच्चों झारखंड के उन जनजातियों के हैं, जो विलुप्ति के कगार पर खड़ी हैं। इनको बचाने के लिए न जाने कितनी योजनाएं केंद्र और राज्य सरकार की चल रही हैं। पर, सरकार की योजनाएं पहाड़ों तक नहीं पहुंच पातीं, जहां ये पत्तों का आशियाना बनाकर रहते हैं। एक दूसरे बच्चे राजेश बिरहोर से पूछता हूं तुम्हारे पिता क्या करते हैं? वह कहता है, गाड़ी चलाते हैं। स्कूल में मध्याह्न भोजन मिलता है? हां। क्या-दाल, भात और सब्जी। मीनू में और भी कुछ है, पर इन्हें दाल-भात से ही संतोष करना पड़ता है। ये बच्चे ठीक से हिंदी भी नहीं बोल पाते। कलाम से हाथ मिलाने से क्या उनकी तकदीर बदल जाएगी, जिसे पता ही न हो कि कलाम कौन है? यही है हमारे देश की शिक्षा-व्यवस्था। एक देश में कई देश।

भोजपुरी सिनेमा: आधी सदी का सफर

संजय कृष्ण : भारत की बोलियों में भोजपुरी ही एक ऐसी भाषा है, जो अपनी सीमाओं का अतिक्रमण करते हुए सात समंदर पार भी जा पहुंची है। इस भाषा को ले जाने का श्रेय निश्चित रूप से उन मजदूरों को है, जिन्हें अंगरेज जबरन यहां से ले गए थे। उन मजदूरों को ही गिरमिटिया कहा गया। आज ये मजदूर काफी संपन्न हो गए हैं और अपने देश में ऊंची हैसियत और रसूख रखते हैं। ऐसे में भोजपुरी में बनने वाली फिल्में अपनी सीमाओं में कैद कैसे रह सकती हैं? अब तो भोजपुरी फिल्में देश के हिस्सों सहित दुनिया के कई देशों मच्ं अच्छा-खासा व्यवसाय कर रही हैं। बालीवुड ही नहीं, कई अन्य दूसरे भाषा-भाषी भी भोजपुरी फिल्मों की ओर खिंच रहे हैं। अपने संघर्ष से अपनी जमीन बनाने वाले भोजपुरी सिनेमा ने अपने सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। सन 1962 से लेकर अब तक करीब ढ़ाई सौ भोजपुरी फिल्में बन चुकी हैं और इसका सफर अब जी जारी है। यद्यपि, बीच में ऐसे दौर भी आए जब इस भाषा में फिल्में बननी बंद हो गईं। फिर भी, इसका सिलसिला रुका नहीं। इस साल भोजपुरी सिनेमा के गौरवपूर्ण क्षणों को याद करना गैरवाजिब नहीं होगा।
देश में पहली भोजपुरी फिल्म हे गंगा मैया तोहें पियरी चढ़ैबों 1962 में आई। पहली भोजपुरी फिल्म के निर्माण में देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की प्रेरणा, मशहूर अभिनेत्री नरगिस की मां जद्दन बाई, कन्हैया लाल का सहयोग, गिरिडीह झारखंड के व्यवसायी विश्वनाथ शाहाबादी का धन और गाजीपुर, उसिया के रहने वाले नजीर हुसैन की जिद ने प्रमुख भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर भोजपुरी फिल्म निर्माण की नींव रखी। इस तरह पहली भोजपुरी फिल्म हे गंगा मैया तोहें पियरी चढैबो बनी। बनने के बाद इसका प्रीमियर दिल्ली के गोलचा सिनेमा हाल में रखा गया। इस मौके पर भोजपुरी माटी के सपूत जगजीवन राम, लाल बहादुर शास्त्री सहित कई केंद्रीय मंत्री व नेता मौजूद थे। इस फिल्म ने बनारस में भी सफलता के रेकार्ड तोड़े। पांच लाख में बनी फिल्म ने उस समय 75 लाख का व्यवसाय किया। दिल्ली, बनारस और मद्रास (अब चेन्नई) में भी इसे खूब पसंद किया गया। इसमें बिहार के रहने वाले चित्रगुप्त ने संगीत दिया था। रफी साहब की आवाज में इसके कई गीत काफी लोकप्रिय हुए थे। मसलन, सोनवा के पिंजरा...या टाइटल सांग हे गंगा मैया तोहें पियरी चढैबो, सैंया से कर द मिलनवा, हाय राम।
इस फिल्म को लेकर बनारस में तो एक कथा ही चल पड़ी। वहां, लहुराबीर के पास प्रकाश टाकीज (अब बंद हो चुका है) में यह फिल्म लगी थी। इस सिनेमा को देखने लो सत्तू-सीधा बांधकर बैलगाड़ी या टमटम पर सवार होकर बनारस आने लगे। तब उस समय एक मुहावरा ही चल पड़ा कि गंगा नहा, विश्वनाथ जी क दर्शन कर, गंगा मदया देख, तब घरे जा।
 इस सफलता को देख लोगों का भोजपुरी फिल्मों की ओर झुकाव बढ़ा। फिल्म इतिहासकार फिरोज रंगूनवाला अपनी किताब ए पॉलीटिकल हिस्ट्री आफ इंडियन सिनेमा में लिखा है, 'एक समय भोजपुरी सिनेमा का क्रेज बढ़ गया था। 1962 में शुरू हुआ भोजपुरी सिनेमा का सिनेमाई सफर 1966 तक आते-आते इस भाषा में 18 फिल्में रिलीज हो चुकी थीं। जबकि एक अवधि(1964), दो छत्तीसगढ़ी(1965 के बाद) में और दो मागधी (1964-65) में फिल्में आई थीं।Ó
 'हे गंगा मैया तोहें पियरी चढैबोÓ के बाद लागी नाहीं छूटे राम (1963), बिदेसिया (1963), गंगा (1965), लोहा सिंह (1966) आईं। इसी दशक में नैहर छूटा जाए, बलमा बड़ा नादान, कब होइहैं गवनवा हमार, जेकरा चरनवा में लगले परनवा, नाग पंचमी, सीता मैया, सैंया से भइले मिलनवा, आइल बसंत बहार, बिधना नाच नचावे, हमार संसार, सोलहो सिंगार करे दुल्हनिया, गोस्वामी तुलसीदास आदि फिल्में बनीं।
'बिदेसियाÓ फिल्म निर्माण में गुजराती निमाच्ता बच्चू शाह ने पैसा लगाया था। इसका निर्देशन संगीतकार एसएन त्रिपाठी ने किया था। गीत के बोल राममूर्ति चतुर्वेदी के थे। 'बिदेसियाÓ भोजपुरी के शेक्सपीयर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की रचना पर आधारित थी। इसमें उन्हें गाते हुए भी फिल्माया गया है।
इसी के अंतिम दौर में विश्वनाथ शाहाबादी की दूसरी फिल्म सोलहो सिंगार करे दुल्हनिया बाक्स आफिस पर कोई खास करामात नहीं दिखा सकी। नजीर हुसैन ने अपनी फिल्म प्रोडक्शन कंपनी 'कमसार फिल्मसÓ बनाई। कमसार उनके इलाके को कहा जाता है। इस बैनर तले पहली फिल्म हमार संसार बनाई। इस फिल्म पर भी लोगों ने विशेष ध्यान नहीं दिया। जबकि इसे भोजपुरी अंचल के परिवारों का जीवंत दस्तावेज माना जाता है। इस फिल्म को विमल रॉय की दो बीघा जमीन से प्रेरित माना जाता है। इसका निर्देशन नसीम ने किया था और इसको उन्होंने भोजपुरी समाज की बड़ी समस्या पलायन पर केंद्रित किया था। फिल्म में पलायन के सामाजिक-आर्थिक पहलुओं को बड़ी बारीकी से उकेरा गया है। उस समय ही उन्होंने आधुनिक विकास के मॉडल पर प्रश्नचिह्न लगाया था। आज उसकी भयावहता चरम पर है। बिना सोचे समझे विकास का फलसफा गढऩे का हश्र क्या होता है, यही इस फिल्म में है। नसीम ने अपने निर्देशकीय कौशल और नजीर साहब की चुस्त जमीनी पटकथा और संवाद से इसे मील का पत्थर बना दिया है। भोजपुरी भाषा की ताकत का एहसास और दर्द भी बार-बार छलक उठता है। लोगों ने कहा कि इस फिल्म में प्रेमचंद की कहानियों की गंध महसूस की जा सकती है। फिल्म में गांव छोड़कर शहर की ओर जाते परिवार का टे्रन सीक्वेंस इतना मार्मिक है कि आंखें भर आती हैं। भागती हुई ट्रेन के पीछे गांव, खेत, बघार सब कुछ पीछे छूटते जा रहे हैं। खिड़की से देखते हुए किसान का बेटा बार-बार इसे दोहराता है, ए बाबू, गंउवा छूटल जाता। यह देखने में तो सामान्य वाक्य लगता है, लेकिन इस एक वाक्य से नजीर साहब असाधारण पीड़ा रचते हैं। इस छोटे से वाक्य में ही पीड़ा का अंतहीन विस्तार है।
सन 1970-79 का दशक भोजपुरी सिनेमा के लिए क्रांतिकारी साबित हुआ। इस दौर में डाकू रानी गंगा, अमर सुहागिन, बलम परदेसिया, दंगल, मितवा, माई क लाल, धरती मैया, जागल भाग हमार, आईं। यह दशक भोजपुरी सिनेमा के लिए उल्लेखनीय रहा। रति कुमार के निर्देशन में दंगल भोजपुरी की पहली रंगीन फिल्म थी। इसमें तब की मिस इंडिया प्रेमा नारायण ने काम किया था। सुजीत कुमार लीड रोल में थे। इसके संगीतकार नदीम-श्रवण थे, जिन्होंने इस फिल्म से ही अपने करियर की शुरुआत की। इसके कई गाने उस समय लोगों की जुबान पर चढ़ गए थे, आरा हिले छपरा हिले, बलिया हिले ला...जब लचके तोर कमरिया सारा जिला हिले ला...।
लाल बहादुर ओझा ने लिखा है, पहलवानी, लठैती, भेड़ा की लड़ाई जैसे गंवई मसाले थे तो डाकुओं के अड्डे, घोड़ो की चौकड़ी और गोला-बारूद वाले एक्शन सीक्वेंस जैसे तत्कालीन नुमाइशी तत्वों का इस्तेमाल किया गया। इस फिल्म के बाद भोजपुरी सिनेमा ने एक बार फिर जोर पकड़ा।
 नजीर हुसैन की 1979 में बलम परदेसिया आई। अपने कथ्य, गीत, संवाद को लेकर यह फिल्म काफी सराही गई। उसके कर्णप्रिय गीत आज भी लोगों को याद हैं। वितरक अशोक जैन ने 1983 में गंगा किनारे मोरा गांव बनाई। इसके निर्देशक थे दिलीप बोस। यह फिल्म पटना के अप्सरा थियेटर में 30 सप्ताह तक चली। 2000 में मारीशस में हुए विश्व भोजपुरी सम्मेलन में इसे खासतौर पर प्रदर्शित किया गया था। इसके बाद चनवा के ताके चकोर (1981), सैंया मगन पहलवानी में (1981), सैंया तोरे कारन (1981), हमार भौजी (1983), चुटकी भर सेंदुर (1983), गंगा किनारे मोरा गांव (1984), पिया के गांव (1985), दूल्हा गंगा पार के (1986), रूस गइले सैंया हमार (1988), पान खाए सैंया हमार, बिटिया भइल सयान, संैया से नेह लगइबे, नैहर के चुनरी, पटना के बाबू, बलमा नादान, पिया निरमोहिया, सोनवा क पिंजरा, बैरी सावन, मैया महतारी, बसुरिया बाजे गंगा तीरे, गजब भइले रामा, भैया दूज, दगाबाज बलमा, गोदना, लागल चुनरी में दाग, गंगा मैया कर द मिलनवा हमार, हमार दूल्हा और घायल पियवा प्रमुख रहीं।
मोहनजी प्रसाद की हमार भौजी, लक्ष्मण शाह की दूल्हा गंगा पार के फिल्में काफी सफल रहीं। भैया दूज भी इसी दौर में आई। इसे राजस्थानी में भी डब किया गया था। वहां भी सफल रही। नजीर हुसैन की रूस गइले सैंया हमार ने भी दर्शकों की वाहवाही बटोरी। फिल्म की अधिकांश शूटिंग नजीर साहब ने अपने गांव-गिराव जमानियां स्टेशन में किए।
इसके बाद बाबा के दुआरी, कसम गंगा जल के, गंगा से नाता बा हमार, गंगा तोरी ममता की छांव, कईसन बनउल संसार आदि फिल्में 1990-1999 के बीच आईं। इसी दौर में भोजपुरी गायक मनोज तिवारी गायकी में अपना परचम लहाराने के बाद फिल्म निर्माण की ओर रुख किया। भोजपुरी सिनेमा को ताकत मिली और इस दौर ने फिर से लोगों को आकर्षित किया। पांच-छह सालों के अंतराल के बाद 2005 में मनोज ने ससुरा बड़ा पइसा वाला बनाई। खुद भूमिका निभाई। मृतप्राय भोजपुरी सिनेमा को जीवन मिला। इसने बनारस में पचास सप्ताह और कानपुर में 25 सप्ताह तक व्यवसाय किया। मनोज का उत्साह बढ़ा। फिर, दारोगा बाबू आई लव यू बनाई। इसने चार करोड़ का व्यवसाय किया। बंधन टूटे ना ने तीन करोड़ का व्यवसाय किया। इस सफलता को देख भोजपुरी में सिनेमा बनाने की बाढ़ आ गई। धरती कहे पुकार के, धरती पुत्र, गंाग, गंगोत्री, प्रतिज्ञा, भाई होखे त भरत नियन आई। गंगा में अमिताभ बच्चन व हेमामालिनी ने काम किया था। इसे अमिताभ के मेकअप मैन दीपक सावंत ने बनाई थी। भाई होखे तक भरत नियन में भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास ने इस दुनिया में पदार्पण किया। इसमें सुरेश वाडेकर ने क्लासिक अंदाज में एक भोजपुरी गीत गाया है...गोरिया चल न जवनिया संभार के।
 इस दौर में कई ऐसी फिल्में रहीं, जिनमें हिंदी सिनेमा के स्टारों ने काम किया। अजय देवगन ने धरती कहे पुकार के में काम किया। मिथुन चक्रवर्ती भी पीछे नहीं रहे। दक्षिण भारत की नगमा ने कई फिल्मों में काम किया। उनकी पहचान भी इन्हीं फिल्मों से बनीं। रवि किशन आज भोजपुरी के स्टार हैं। टीवी से इस दुनिया में प्रवेश किया। श्वेता तिवारी, उर्वशी ढोलकिया आदि कई नाम हैं, जिन्होंने भोजपुरी फिल्मों में काम किया। बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा व उदित नारायण ने भी भोजपुरी फिल्में बनाईं। आज भोजपुरी का बाजार गरम है। लेकिन इसे वह दर्जा नहीं मिल पाया, जो अन्य क्षेत्रीय सिनेमा को मिला। बांग्ला, मलयालम आदि में बनी फिल्में पुरस्कार भी जीततीं। क्या आज पैसा बनाने का साधन नहीं बन गई हैं भोजपुरी फिल्में? नजीर हुसैन, चित्रगुप्त, विश्वनाथ शाहाबादी ने अपनी परंपरा को याद करते हुए फिल्में बनाई। समाज, संस्कृति और समस्याएं मूल थीं। आज ये सारी चीजें नदारद हैं। इसकी चिंता आज के निर्माताओं और निर्देशकों को नहीं है। एक समय शैलेंद्र, महेंद्र मिसिर, अनजान, पद्मा खन्ना, सुजीत कुमार, कुंदन कुमार, असीत कुमार, असीत सेन आदि भोजपुरी के पर्याय बन गए थे। आज वह बात नहीं रही। संविधान सूची में शामिल नहीं किए जाने के बावजूद यह आगे बढ़ती रही। लेकिन आज के निर्देशकों का ध्यान इस ओर नहीं है कि  कैसे स्तरीय सिनेमा बने। कमाई में नंबर होने के बावजूद क्षेत्रीय सिनेमा में कैसे नंबर वन स्थान हासिल करे, इसकी चिंता तो सबको करनी पड़ेगी। द्विअर्थी संवादों-गीतों से न भाषा का कल्याण हो न फिल्मों का। सफलता के बजाय कुछ सार्थक सिनेमा बने तो बात बने। आधी सदी के सफर के बाद हम इस दिशा में सोच सकते हैं। यह मौका है बताने का कि भोजपुरी अश्लीलता का ही पर्याय नहीं है।

भूल गए राधाकृष्ण को

संजय कृष्ण :  राधाकृष्ण को हमारे हिंदी लेखकों ने उनकी जन्मशताब्दी पर भी याद नहीं किया। जाहिर है, वे किसी ऐसे गुट के नहीं थे, जो उन्हें याद करता। हिंदी साहित्य जगत में गुटबाजी का ऐसा आलम है कि हम उन्हें याद भी नहीं करते, न जन्म तिथि पर पुण्य तिथि पर। वे ऐसे कथाकार थे, जिन्हें प्रेमचंद पुत्र की तरह प्रेम करते थे, गुरबत के दिनों में उनका खर्च चलाते थे और जब प्रेमचंद का निधन हुआ तो राधाकृष्ण 'हंसÓ को संभालने रांची से बनारस चले गए थे। इनकी कथा-प्रतिभा को देखकर प्रेमचंद ने कहा था 'यदि हिंदी के उत्कृष्ट कथा-शिल्पियों की संख्या काट-छांटकर पांच भी कर दी जाए तो उनमें एक नाम राधाकृष्ण का होगा।Ó
  राधाकृष्ण का जन्म रांची के अपर बाजार में 18 सितंबर 1910 को हुआ था और निधन 3 फरवरी 1979 को। उनके पिता मुंशी रामजतन मुहर्रिरी करते थे। उनकी छह पुत्रियां थीं और एक पुत्र राधाकृष्ण, जो बहुत बाद में हुए। पर, राधाकृष्ण के साथ यह क्रम उलट गया यानी राधाकृष्ण को पांच पुत्र हुए व एक पुत्र। राधाकृष्ण जब चार साल की उम्र के थे तो उनके पिता का निधन हो गया। 1942 में इनकी शादी हुई। उनके निधन के सत्रह साल बाद उनकी पत्नी का देहांत भी 1996 में हुआ। 
 अपनी गुरबत की जिंदगी के बारे में उन्होंने लिखा है, 'उस समय हम लोग गरीबी के बीच से गुजर रहे थे। पिताजी मर चुके थे। घर में कर्ज और गरीबी छोड़ कुछ भी नहीं बचा था। न पहनने को कपड़ा और न खाने का अन्न।Ó अभावों में उनका बचपन बीता। चाह कर भी स्कूली शिक्षा नहीं मिल पाई। किसी तरह एक पुस्तकालय से पढऩे-लिखने का क्रम बना। कुछ दिन मुहर्रिरी सीखी। वहां मन नहीं लगा तो एक बस में कंडक्टर हो गए। 1937 में यह नौकरी भी छोड़ दी। लेकिन इसी दरम्यान कहानी लेखन में सक्रिय हो गए। सबसे पहले 1929 में उनकी कहानी छपी गल्प माला में। इस पत्रिका को जयशंकर प्रसाद के मामा अंबिका प्रसाद गुप्त निकालते थे। कहानी का शीर्षक था-सिन्हा साहब। इसके बाद तो माया, भविष्य, त्यागभूमि आदि पत्र-पत्रिकाओं में लगातार छपने लगे। प्रेमचंद राधाकृष्ण की प्रतिभा देख पहले ही कायल हो चुके थे। इसलिए हंस में भी राधाकृष्ण छपने लगे थे। जब प्रेमचंद का निधन हुआ तो शिवरानी देवी ने हंस का काम देखने के लिए रांची से बुला लिया। यहीं रहकर श्रीपत राय के साथ मिलकर 'कहानीÓ निकाली। पत्रिका चल निकली, लेकिन वे ज्यादा दिनों तक बनारस में नहीं रह सके। इसके बाद वे बंंबई गए और वहां कथा और संवाद लिखने का काम करने लगे। पर बंबई ने इनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाला और वे बीमार होकर रांची चले आए। फिर कभी उधर नहीं देखा। कुछ दिनों कलकत्ते में रहे। वहां मन नहीं लगा। इस बीच मां की मृत्यु ने इन्हें तोड़ दिया। अमृत राय ने लिखा हैै, 'मेरी पहली भेंट (राधाकृष्ण से) 1937 के किसी महीने में हुई। वो हमारे घर आए। हम लोग उन दिनों राम कटोरा बाग में रहते थे। हम दोनों ही उस समय बड़े दुखियारे थे। इधर, मेरे पिता को देहांत अक्तूबर 1936 में हुआ था और उधर लालबाबू (राधाकृष्ण को लोग इसी नाम से पुकारते थेे) की मां का देहांत उसी के दो चार महीने आगे-पीछे हुआ था। एक अर्थ में लालबाबू का दुख मेरे दुख से बढ़कर था, क्योंकि उनके पिता तो बरसों पहले उनके बचपन में ही उठ गए थे और फिर अपनी नितांत सगी एक मां बची थी, जिसके न रहने पर लालबाबू अब बिल्कुल ही अकेले हो गए थे।Ó
  राधाकृष्ण 1947 में बिहार सरकार की पत्रिका 'आदिवासीÓ के संपादक बनाए गए। इसका प्रकाशन केंद्र रांची ही था। पहले यह नागपुरी में निकली, लेकिन बाद में हिंदी में निकलने लगी। इस पत्रिका से राधाकृष्ण की एक अलग पहचान बनी। आदिवासियों को स्वर मिला। बाद में वे पटना आकाशवाणी में ड्रामा प्रोड्यूसर हो गए। जब रांची में आकाशवाणी केंद्र की स्थापना (27 जुलाई, 1957)हुई तो वे यहीं आ गए।
 बस कंडक्टरी से आकाशवाणी तक के सफर में गरीबी और अभावों ने कभी साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने कभी हार नहीं मानी। लेखनी लगातार सक्रिय रही। उपन्यास, कहानी, नाटक, संस्मरण आदि का क्रम चलता रहा।
राधाकृष्ण ने अपनी कहानियों की लीक खुद ही बनाई। उस दौर में, जब कहानी के कई स्कूल चल रहे थे, प्रसाद की भाव व आदर्श से युक्त, प्रेमचंद की यथार्थवाद से संपृक्त, जैनेंद्र, अज्ञेय के साथ माक्र्सवादी विचारों से प्रभावित कहानियों का चलन था। पर राधाकृष्ण ने किसी भी बड़े नामधारी रचनाकारों का अनुसरण नहीं किया। न उनकी प्रतिभा से कभी आक्रांत हुए। उन्हें अपने जिए शब्दों, अनुभवों पर दृढ़ विश्वास था। आंखन देखी ही वे कहानियां लिखा करते थे। पर, कभी सुदूर देश की समस्या पर भी ऐसी कहानी लिख मारते थे, जैसे वह आंखों देखी हो। आदिवासियों के जीवन और उनकी विडंबना, सहजता और सरलता को भी अत्यंत निकट से जाना-समझा। यह भी देखा कि इनकी ईमानदारी का दिकू (बाहरी आदमी) कैसे लाभ उठाते हैं, उन्हें कैसे ठगते हैं। इसके साथ ही यह भी देखा कि आदिवासी कैसे अपने ही बनाए टोटमों में बर्बाद हो रहे हैं। उनकी 'मूल्यÓ कहानी ऐसी ही एक प्रथा से जुड़ी है। आदिवासियों के उरांव जनजाति में प्रचलित ढुकू प्रथा को लेकर लिखी गई है।  इसी तरह उनकी कहानी 'कानूनी और गैरकानूनीÓ जमीन से जुड़ी हुई है। लेखक की जिंदगी, वसीयतनामा, परिवर्तित, रामलीला, अवलंब, एक लाख सत्तानवे हजार आठ सौ अ_ïासी, कोयले की जिंदगी, गरीबी की दवा निम्र मध्य वर्ग से सरोकार रखने वाली कहानियां हैं। इंसानियत के स्खलन, आदमी की बदनीयती, संवेदनाओं का घटते जाना आदि को बहुत बेधक ढंग से प्रस्तुत करती हैं। विश्वनाथ मुखर्जी ने लिखा है, हिंदी में कुछ कहानियां आई हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। गुलेरी जी की 'उसने कहा थाÓ, प्रेमचंदजी की 'मंत्रÓ, कौशिक जी की 'ताईÓ...रांगेय राघव की 'गदलÓ आदि कहानियां भुलाई जाने वाली नहीं हैं। ठीक उसी प्रकार राधाकृष्ण की 'एक लाख चौरासी हजार सात सौ छियासीÓ भी। अमृत राय ने भी माना कि 'अवलंबÓ और 'एक लाख चौरासी हजार सात सौ छियासीÓ जैसी कहानियां हिंदी में बहुत नहीं हैं।Ó
उनकी एक और कहानी जिसकी चर्चा या ध्यान लोगों का नहीं गया, वह है 'इंसान का जन्मÓ। श्रवणकुमार गोस्वामी ने भी राधाकृष्ण पर लिखे अपने विनिबंध में इस कहानी की चर्चा नहीं की है। बंगलादेश पर पाकिस्तानी फौजों के अत्याचार और बाद में भारतीय फौजों के आगे उनके सपर्मण को केंद्र में रखकर बुनी गई है यह कहानी। यह उनके किसी संग्रह में शामिल नहीं है। जबकि रामलीला, सजला (दो खंड), गेंद और गोल संग्रह हैं। इनमें कुल मिलाकर 56 कहानियां हैं। इसके अलावा फुटपाथ, रूपांतर, सनसनाते सपने, सपने बिकाऊ हैं आदि उनके प्रकाशित उपन्यास हैं। नाटक, एकांकी, बाल साहित्य भी अकूत हैं। उनकी ढेर सारी रचनाएं अप्रकाशित भी हैं। अपने समय की प्रसिद्ध पत्र-पत्रिकाओं में वे प्रकाशित होते रहे, जिनमें साप्ताहिक हिंदुस्तान, आजकल, कादंबिनी, नई कहानियां, विश्वमित्र, विशाल भारत, सन्मार्ग, प्राची, ज्ञानोदय, चांद, औघड़, धर्मयुग, सारिका, नवनीत, बोरीबंदर, माया, माध्यम, संगम, परिकथा, क ख ग, माधुरी, गंगा, त्रिपथगा, प्रताप, वर्तमान प्रमुख हैं।
राधाकृष्ण घोष-बोस-बनर्जी-चटर्जी नाम से व्यंग्य भी लिखते थे। इनके लिखे व्यंग्य पर आचार्य नलिन विलोचन शर्मा ने लिखा है, 'घोष-बोस-बनर्जी-चटर्जी के उपनाम से कहानियां लिखकर हास्य और व्यंग्य के क्षेत्र में युगांतर लाने वाले व्यक्ति आप ही हैं। ...आयासहीन ढंग से लिखा गया ऐसा व्यंग्य हिंदी साहित्य में विरल है।Ó
 ऐसा विरल साहित्यकार हिंदी जगत में उपेक्षित रह गया। आखिर जिस कथाकार ने अपने समय में जयशंकर प्रसाद गुप्त, प्रेमंचद, डा. राजेंद्र प्रसाद, भगवतीचरण वर्मा, मन्मथनाथ गुप्त, आचार्य नंद दुलारे वाजपेयी, अमृत राय, विष्णु प्रभाकर, फादर कामिल बुल्के को अपना प्रशंसक बना लिया था, उसे हमारे आलोचकों ने क्यों उपेक्षित छोड़ दिया?द्
तीन फरवरी को राधाकृष्ण की पुण्यतिथि है। उनकी स्मृति को समर्पित है यह लेख।

सिर्फ इक बार मुलाकात का मौका दे दे

संजय कृष्ण :   ...तो गजल के बेताज बादशाह गुलाम अली की सुरमई शाम थी। सरहद पार से आती सुर की आवाज रांची को भिंगो गई। बुधवार की शाम कुछ ऐसी थी, जो सालोंसाल याद रहेगी। वाकई, थी खबर गर्म उनके आने की। जैसे ही वह रांची के जिमखाना क्लब के मंच पर नमूदार हुए, तालियों से जोरदार इस्तकबाल हुआ। अब तो बहार आने की बारी थी। वे गजलों का ऐसा गुलदस्ता लेकर आए थे, जिसमें हर रंग के फूल खिले थे। कुंजे-लब से जब लहरों की तरह कशिश भरी आवाज बाहर आ रही थी तो वह मिस्ले-अश्क (आंसू की तरह) की तरह भी बन जाती।
आगाज इन दुआओं के साथ कि...मैं आपका दुआ करने वाला हूं, खुश रहें, सुर में रहें, तभी हम भी सुर में रह सकते हैं। ...अब मैं समझा तेरे रुखसार पे तिल का मतलब, दौलते हुस्न पे दरवान बिठा रखा है से अपनी गजलों का आगाज किया। अनवर की इस गजल के बाद अपनी मशहूर गजल सुनाई। इस गजल से उन्हें पहचान भी मिली और प्रसिद्धि भी। यह गजल थी हसरत मोहानी की। तीस पंक्तियों की इस गजल के कुछ शेर ही सुनाए। कंपकपाते ओठ से जब पहला शब्द चुपके निकला तो तालियां से पूरी बज्म गूंज उठी। करीब पांच मिनट तक इस शब्द पर ही अटके रहे। श्रोता लहालोट होते रहे। सात सुरों में पिरोया था इस शब्द को। ..चुपके चुपके रात दिन आंसू बहाना याद है...हमको अब तक आशिकी का वह जमाना याद है। यह काफी राग में थी। इसे ठाट का राग कहते हैं। इस गजल को गुलाम अली ने खुद कंपोज किया था। एक-एक शब्द पर ठहरते फिर आगे बढ़ते। अगली बारी नासिर काजमी के गजल की थी...रागिनी पहाड़ी में। पहले शेर पढ़ी। दिल गया था तो ये आंखें भी कोई ले जाता...मैं फकत एक ही तस्वीर कहां तक देखूं। अब गजल की बारी थी, दिल में एक लहर-सी उठी है अभी, कोई ताजा हवा चली है अभी। लहरों में जैसे अलोडऩ पैदा होती है, ओठों से भी गुलाम साहब कुछ ऐसा ही एहसास पैदा कर रहे थे। शांत लहर, तेज लहर, मद्धिम लहर...। न जाने कितनी लहरें लबों से उठ रही थीं। अब चौथी गजल की बारी थी। गजल से पहले यह शेर भी सुनाया- कैसी चली है अब के हवा तेरे शहर में, बंदे भी हो गए हैं खुदा तेरे शहर में..। इसके बाद गजल पेश की- हम तेरे शहर में आए हैं मुसाफिर की तरह, सिर्फ इक बार मुलाकात का मौका दे दे..। मेरी मंजिल है कहां, मेरा ठिकाना है कहां सुबह तक तुझसे बिछड़कर मुझे जाना है कहां..। आज इजहारे खयालात का मौका दे दे..।
हालांकि मना करने के बावजूद कुछ लोग मोबाइल व इलेक्ट्रानिक कैमरे में इस शाम को कैद रहे थे। बार-बार वह कैमरा बंद करने की गुजारिश कर रहे थे। कहा, मैं गजलें आपको सुनाने आया हूं, कैमरों को नहीं। 
व्यवधान के बाद अगली गजल पेश की...तुम्हारे खत में वो इक सवाल किसका था, वफा रकीब तो आखिर वो नाम किसका था...। महफिल जवां होकर धीरे-धीरे अंजाम की ओर बढ़ रही थी। थोड़ा मूड बदला। गजल से ठुमरी पर आए। बरसन लागे सावन....तोरे बिना लागे न जिया मोरा। ठुमरी सुन सबके हाथ खुल गए। एक बार फिर तालियां की गडग़ड़ाट से अपने इस कलाकार का इस्तकबाल किया। अब तो बारी हंगामा बरपाने की थी। 'हंगामा है क्यों बरपाÓ कार्यक्रम के जरिए गजल सम्राट गुलाम अली ने क्लब परिसर में सुरमई जाजम बिछा दी। सुरों में झलकती बुजुर्गियत के बावजूद उन्होंने श्रोताओं को गजल अदायगी से बांधे रखा। स्वर पर ऐसी पकड़ की कि संगतसाज जुगलबंदी करने में अपने को असहज पा रहे थे। सुर व स्वर पर ऐसा नियंत्रण कि तबले की थाप भी असहज हो जाती। ऐसी थी 70 साल के इस युवा गायक की दिलकश आवाज।    

क्या हमें डोंबारी बुरू का नरसंहार याद है

संजय कृष्ण, रांची : जालियांवाला बाग की घटना देश-दुनिया को याद है, स्कूलों के पाठ्यक्रम में भी शामिल है। पर, क्या हमें डोंबारी बुरू की याद है? जवाब आएगा नहीं? क्योंकि न इतिहास में दर्ज है, न पाठ्यक्रमों में। पर लोगों के दिलोदिमाग में यह घटना आज भी दर्ज है। जालियांवाला बाग की घटना के बीस साल पहले झारखंड के खूंटी जिले में अंग्रेजों ने नौ जनवरी 1899 को हजारों मुंडाओं का बेरहमी से नरसंहार कर दिया था। इसमें महिलाएं और बच्चे काफी संख्या में कत्ल किए गए थे। इस पहाड़ी पर बिरसा मुंडा अपने प्रमुख 12 शिष्यों सहित हजारों मुंडाओं को जल, जंगल, जमीन बचाने को लेकर संबोधित कर रहे थे। आस-पास के दर्जनों गांवों से लोग एकत्रित होकर भगवान बिरसा को सुनने गए थे। बात अभी शुरू ही हुई थी कि अंग्रेजों ने डोंबारी बुरू हो घेर लिया। हथियार डालने के लिए अंग्रेज मुंडाओं को ललकारने लगे। लेकिन मुंडाओं ने हथियार डालने की बजाय शहीद होने का रास्ता चुना। फिर क्या था, अंग्रेजों की सैनिक टुकड़ी टूट पड़ी और हजारों को मौत के घाट उतार दिया। बिरसा मुंडा गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें आज के बिरसा मुंडा कारावास में बंद कर दिया गया। आदिवासी मूलवासी अस्तित्व रक्षा मंच की रेजेन गुडिय़ा बताती हैं, इस नरसंहार में एक बच्चा बच गया था, जिसे एक अंग्रेज ने गोद ले लिया। यह बच्चा आगे चलकर जयपाल सिंह मुंडा बना। जंगल बचाओ आंदोलन से जुड़ी आलोका कहती हैं, डोंबारी बुरू का नरसंहार इतिहास में भी दर्ज नहीं है। बहुत से मुंडा आदिवासी भी इसे नहीं जानते। दयामनी बरला कहती हैं कि इस ऐतिहासिक उलगुलान को इतिहास में जगह नहीं दी गई। मुख्यधारा का इतिहास आज भी झारखंड से परहेज करता है जबकि अंग्रेजों के खिलाफ सबसे पहले लड़ाई झारखंड में ही शुरू हुई। बेशक, झारखंड के बने दस साल हो गए, लेकिन डोंबारी बुरू में एक विशाल स्तंभ निर्माण के अलावा वहां कुछ भी नहीं है। यह अपने इतिहास के प्रति निरपेक्ष दृष्टि है। हम अपने ही इतिहास से बेखबर हैं। जिसका नतीजा है कि वह वही इतिहास पढ़ते हैं, जो सत्ता हमें पढ़ाना चाहती है।  

गणतंत्र के गांव में भूख का नृत्य

संजय कृष्ण, रांची :  रांची से बेड़ो, सिसई, गुमला होते हुए रायडीह प्रखंड के एक गांव कुलमुंडा पहुंचते हैं तो सूरज सीधे सिर पर आ गया था। ठंड के मौसम में तीखी धूप थोड़ा राहत दे रही थी। पहाड़ उदास खड़े थे। जंगल खामोश थे। खेतों में दूब भी दुबके हुए थे। पिछले कई सालों से बारिश के दगा देने से लोगों के चेहरे पर मायूसी साफ-साफ झलक रही थी।  गुमला से इस गांव की दूरी करीब दस किमी है और रायडीह की दूरी इससे थोड़ी कम है। राजधानी रांची से करीब एक  सौ दस किमी। कुलमुंडा राजस्व गांव है और इसमें कुल 16 टोले हैं। पीबो पहाड़ी की तलहटी में बसे इस गांव के खासी टोले में पहुंचते हैं। चमचमाते हाइवे से गांव जाने के लिए कच्ची सड़क है। हम कच्ची सड़क पकड़ गांव की ओर रुख कर लेते हैं।
गांव की पगडंडियों पर अधनंगे बच्चे बेफिक्र खेल रहे हैं। न उन्हें अतीत का बोध न भविष्य की चिंता। शहरी बच्चों का बचपन तो किताबों में गुम हो गया है। पर यहां तो अभावों में भी उनके चेहरे पर संतोष और मुस्कान पसरी है। गांव पहुंचते हैं तो खुले आंगन के घर में प्रवेश करते हैं। 
लेदरू राम की उम्र पचास को छू रही है। शरीर ऐसा कि एक-एक हड्डी गिन सकते हैं। सात भाइयों में सात एकड़ जमीन। पर, पानी के अभाव में खेत भी प्यासा और शरीर भी। वह बताता है, मात्र तीन महीने की उपज होती है। नौ महीने के लिए हाड़तोड़ परिश्रम करनी पड़ती है। मांदर बनाकर पूरे साल कमाई नहीं की जा सकती। लेदरू बताता है कि लोग अपनी संस्कृति से भी दूर हट रहे हैं। सो, मांदर की बिक्री भी कम हो रही है। इसलिए, मांदर पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस गांव में घासी जाति के नौ घर हैं। राजपूत के दो घर। गांव में राजपूतों के घर पक्का हैं। बेशक, उनके घर को देखने से उनकी खुशिहाली झलकती है। गांव में एकमात्र घर बढ़ई का है। माडू राम लोहार। पर वह गांव में नहीं है। उसकी बूढ़ी मां घर पर है। गांव में घूम-घूमकर उसका पेट भरता है। गांव में सब उसे सेशो मां कहते हैं। मांडू को कोई रोजगार नहीं मिला, इसलिए बच्चे, पत्नि समेत बाहर कमाने चला गया।
जंगल से लकड़ी काटने पर अब मनाही है। वन विभाग की ओर से नहीं, लाल सलाम की ओर से। वन विभाग सजग होता तो राज्य के जंगल नंगे नहीं होते। जंगल पर निर्भर रहने वालों के लिए पलायन के सिवा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। गांव वाले शिकायत करते हैं, मनरेगा से काम तो मिल जाता है, पर समय से मजदूरी नहीं मिल पाती। इस क्षेत्र के विधायक हैं कमलेश उरांव। गांव वालों ने उनका दर्शन नहीं किया। फोटो में देखे हैं। समस्याएं और भी हैं...। गांव के इस गणतंत्र में क्या गण अपनी किस्मत खुद लिख सकेंगे?
यह रिपोर्ट विस्फोट डाट काम पर प्रकाशित।

मैं अल्बर्ट एक्का बोल रहा हूं...

जी हां, मैं अल्बर्ट एक्का बोल रहा हूं। सोचा, आज गणतंत्र दिवस है। कुछ अपनी कुछ जग की कहानी सुनाऊं। तो, आपने भी मेरी आदमकद मूर्ति देखी होगी। रांची का हृदय कहा जाने वाला फिरायालाल चौक पर। तब यह फिरायालाल चौक कहा जाता था। जब से मेरी आदमकद मूर्ति लगी, आधिकारिक रूप से इसका नाम मेरे नाम पर यानी अलबर्ट एक्का चौक हो गया। हालांकि बहुत से लोग उसके पुराने नाम से ही जानते हैं। मेरी यहां पर मूर्ति क्यों लगी, शायद आप जानते होंगे। फिर भी, कुछ बातें आपसे से साझा करना चाहता हूं। चूंकि गणतंत्र दिवस का जश्न पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसलिए आज मौजू भी है।
शुरुआत अपने जन्म से कर रहा हूं। मेरा जन्म एक ईसाई आदिवासी परिवार में आज से 69 साल पहले 27 दिसंबर, 1942 को गुमला के जारी गांव में हुआ था। तब गुमला रांची में था। ब्रिटिश काल के दौरान गुमला लोहरदगा जिले के अधीन था। रांची भी लोहरदगा में ही था। 1843 में बिशुनपुर रियासत के अधीन हुआ, जो बाद में रांची कहलाया। 1899 में रांची जिला अस्तित्व में आया। इसके तीन साल बाद 1902 में गुमला रांची का सब डिविजन बना। लेकिन रांची से अलग जिला बनने में गुमला को 81 साल लग गए। 18 मई 1983 को गुमला आखिरकार जिला बन गया। कभी-कभी सोचता हूं कि मैं रांची का हूं या गुमला का। मेरा जन्म भी रांची जिले में हुआ और जब 1971 को शहीद हुआ तब भी मैं रांची जिले का ही था। यह अलग बात है कि मेरे शहीद होने के 12 साल बाद गुमला जिले का अस्तित्व आया।  
आप सोच रहे होंगे कि अपनी कथा के बजाय अपने जिले की कथा सुनाने क्यों लग गया। यह जानना भी जरूरी था। क्योंकि आज की पीढ़ी शायद इन जिलों की कहानी से अनजान हो।
जब मेरी उम्र 20 साल की थी, इंडियन आर्मी में शामिल हो गया। यह भी दिसंबर का माह था और तारीख थी वही 27 दिसंबर। सेना में भर्ती होने के बाद उत्साह के साथ दुश्मनों से लड़ता। 1971 में जब भारत और पाकिस्तान से युद्ध हुआ। दिसंबर का माह था। चौदह सुरक्षाकर्मियों का मैं लांस नायक था। त्रिपुरा और बंगलादेश की सीमा पर गंगासागर के निकट तैनाती थी। हम लोग पोजीशन लिए हुए थे। दुश्मनों की संख्या भी अच्छी खासी थी। 4 दिसंबर, 1971 को अपने सैनिकों के साथ बाएं की ओर बढ़ रहे थे। बाएं की ओर से दुश्मन सैनिकों की गोलियां आ रही थीं। हम आगे बढ़ते रहे। पाकिस्तानी बंकर से मशीन गन से फायर झोंक दिया। इसमें कई सैनिक हताहत हुए। फिर भी हम, उसी दिशा में आगे बढ़ते रहे। अंतत: उस बंकर को ध्वस्त कर दिया। इसमें खुद मैं भी घायल हो गया, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। आगे बढ़ता रहा और पाकिस्तानी सैनिकों को डेढ़ किमी पीछे धकेल दिया। हालांकि इसी बीच फिर फायरिंग हुई दूसरे बंकर से। इसमें बुरी तरह घायल हो गया। खून बहता जा रहा था। अफसोस नहीं था, क्योंकि यह खून देश के लिए बह रहा था। अंतत: मेरी आंखें धीरे-धीरे बंद होने लगीं। मुझे खुशी थी कि पाकिस्तानी कब्जे से गंगासागर अखौरा को दुश्मनों से मुक्त करा दिया था। और, इस तरह शहीदों में एक नाम और जुड़ गया। मेरे बलिदान को देखते हुए भारत की सरकार ने 50 वें गणतंत्र दिवस पर सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया। इस सम्मान और मेरे बलिदान को देखते हुए ही फिरायालाल चौक पर मेरी आदमकद मूर्ति लगी है। मेरी संगीन पश्चिम की ओर है। पश्चिम में ही, जिसे मेन रोड कहा जाता है, हालांकि इसका नाम भी गांधी मार्ग है, इस मार्ग पर मंदिर है, गिरजा है, गुरुद्वारा है और मस्जिद भी है। चारों धर्म को मानने वालों के पूजा स्थल गांधी मार्ग पर है। मेरी संगीन इस दिशा में इसलिए है कि सांप्रदायिक शक्तियों को नियंत्रित कर सकूं। बातें और भी हैं। घर-परिवार बहुत खुशहाल नहीं है। हारी-बीमारी में मेरे परिवार पर लोगों का ध्यान तभी जाता है जब मीडिया वाले सरकार को जगाते हैं। मेरी पत्नी बलमदीना को शहादत दिवस पर अपने गांव में लगने वाले मेले में बुलाया जाता है। उन्हें शाल देकर सम्मानित भी किया जाता है। फिर भूला दिया जाता है। एक बेटा है विंसेट एक्का। हमारे देश में शहीदों की यही स्थिति है।
पता नहीं, दिसंबर का माह मेरे साथ कैसे चिपक गया। जन्म में इसी माह में और शहादत भी इसी माह है। खैर, ईसाई धर्म में दिसंबर माह पवित्र होता है। सो, यह मेरे लिए गर्व का विषय है। जाते-जाते एक और बात कहते जाता हूं। मेरी आदमकद मूर्ति पर लोग अपनी-अपनी पार्टी के झंडे-बैनर लगा देते हैं। अभी मेरी साफ-सफाई हो रही है। फिर किसी को मेरी सुधि नहीं होगी।
                                                                                                                                            -संजय कृष्ण

चमचमाते आइने में नहीं उनके नसीब का अक्स

संजय कृष्ण :  रांची-मुरी मार्ग से एक रास्ता जोन्हा फॉल की ओर जाता है। चमचमाती सड़क। आइने की मानिंद। यात्रा के दौरान कहीं जर्क नहीं। यह रास्ता गांव की तरक्की के लिए नहीं बना है। इसलिए बना है कि जोन्हा फॉल देखनेवाले पर्यटकों को  असुविधा न हो...। इसी सड़क के आस-पास कई गांव बसे हैं। इन गांवों के नसीब का अक्स चमचमाते आइने अर्थात बगल की बेहतरीन सड़क में नहीं मिल सकता। उन्हीं में है गुड़ीडीह गांव।
जोन्हा गांव से प्रपात के रास्ते आगे बढ़ते हैं, तो स्वागत की मुद्रा में एक बड़ा पत्थर मिलता है। उस पर लिखा है, पत्थरगड़ी ग्रामसभा गुड़ीडीह। नीचे की पंक्ति है- सबसे अच्छी ग्रामसभा। पत्थर पर तिथि भी अंकित है- 10.10.2001। यानी इस पत्थर को गड़े भी एक दशक हो गया, लेकिन गांव की स्थिति यथावत।

पानी के लिए मारामारी
जब इस गांव के प्राथमिक विद्यालय पर पहुंचते हैं, तो कई युवा और अधेड़ घेर लेते हैं। उन्हें लगता है, हम उनकी समस्या का समाधान करने आए हैं। चमन भोक्ता  कहते हैं, गांव में कोई सुविधा नहीं। सड़क नहीं। बिजली नहीं। पानी के लिए मारामारी होती है। चापाकल भी नहीं है। कुएं सूखने लगे हैं।

उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो का इलाका
अनगड़ा प्रखंड के इस गुड़ीडीह गांव में कई टोले हैं- जिलिंग सेरंग, रायपुर, गौतमधारा, जादवबुधु, माथनदेरा, चतरा दरता, टुगरी टोला, ढीपा टोला...। सभी गांवों की कहानी एक जैसी। महावीर भोक्ता खेती करते हैं। वे इन टोलों की आबादी पांच हजार के करीब बताते हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो का इलाका है। गांव की सुधि नहीं।

इंदिरा आवास के लिए पांच हजार की मांग
 गांववाले कहते हैं, इंदिरा आवास के लिए ब्लाक पर पांच हजार मांगते हैं। एक दूसरा युवक कहता है- यहां नौकरीवाले को इंदिरा आवास मिला है। वह न अपना नाम बताता है, न उस आदमी का, जिसे इंदिरा आवास मिला है। कहता है, गांव में रहना है। दुश्मनी कैसे ले सकते हैं। लेकिन, बीडीओ जांच तो करा ही सकते हैं। ब्लॉक में गरीबों की कोई नहीं सुनता।

बीपीएल सूची में खाते-पीते लोग लोगों का कहना है- गांव में खाते-पीते लोग बीपीएल सूची में हैं। बस्ती तक जाने के लिए रोड नहीं। कहते-कहते हम लोग थक गए। लेकिन, कुछ नहीं हुआ। रामदेसी मुंडा का नाम बीपीएल सूची में दर्ज है। पर, उसे कोई सुविधा नहीं मिली। लौटते वक्त उस पत्थलगड़ी के पास पहुंचता हूं। उम्मीद करता हूं- पंचायत चुनाव हो गया है, कुछ तो बदलाव दिखेगा। 
   

मन कांच माटी क घरिला ए बाबा....

जमानियां की एक याद : माला पहने पाठक जी
संजय कृष्ण : श्री हरिवंश पाठक गुमनाम पिछले छह दशकों से काव्य जगत में सक्रिय हैं-रह-रह कर। आरंभिक दिनों को छोड़ दें तो बाद के दिनों में उनका लेखन साहित्य की दुनिया में अनुपस्थित ही रहा-यानी गुमनामी के अंधेरे में। पारिवारिक जिम्मेदारियों ने एक तरह से उन्हें साहित्य की दुनिया से काट दिया था। इस बीच मंच पर काव्य वाचन का सिलसिला शिथिल नहीं हुआ। पिछले दिनों अंधेरे को चीरते हुए साहित्य की रौशन दुनिया में आए। एक गजल संग्रह आया-दर्दों के छंद। पोर-पोर पीड़ा को महसूस करने वाले गजलगो का यह पहला संग्रह था। करीब अड़तीस गजलों के इस संग्रह में जुनूनेइश्क, परस्तारे हुस्न, लज्जते दर्द के साथ इश्केहकीकी को भी साथ-साथ पढ़ा जा सकता है। संवेदनाओं के धनी हैं तो इसे महसूस भी कर सकते हैं। तब यहां प्रेम का सूर्ख रंग ही दिखाई नहीं देगा, एक उदासी, एक पीड़ा, एकाकार होने की चाहत-न जाने कितने अनुभवों के रंग यहां दिखाई देंगे।
पाठकजी सुकंठ हैं। उनका कद ही लंबा नहीं हैं बल्कि वे ग्र्रीवी भी हैं। इसलिए पढऩे से ज्यादा उनको सुनना एक अलग अनुभव है। वे कविता लिखते हैं गजल पढ़ते हैं और गीत गुनगुनाते हैं। उर्दू, हिंदी और भोजपुरी में समान गति और समान अधिकार के साथ लिखते हैं। शब्द को भाव जगत में ले आने में उन्हें कोई खास दिक्कत नहीं होती। भावों की गहराई का बोध उन्हें है। गजल के छंद हों या गीतों के-दोनों परंपराओं के अनुज्ञाता है। इसलिए उनकी गजलों में इसकी कमी नहीं खटकती है। अपनी गजलों में तख्लुस का जैसा सार्थक प्रयोग किया है, उसका अन्यत्र मिलना दुर्लभ है।
आज जब उनकी भोजपुरी की कविताओं पर लिखने बैठा हूं तो तय नहीं कर पा रहा हूं कि बात कहां से शुरू की जाए। वे वटवृक्ष हैं। उनकी छांव में ही हम लोग बड़े हुए हैं। हाथ पकड़कर लिखना सिखाया है। भोजपुरी हमलोगों की मातृभाषा है। सुनने में जितनी यह सहज और मीठी लगती है, लिखने में मुझे असहज लगती है। कहने की जरूरत नहीं कि देश की बोलियों में सर्वाधिक बोली जाने वाली यह लोकभाषा है। विदेशों में भी यह बेहद लोकप्रिय है। खासकर, उन देशों में जहां भोजपुरी भाषी बतौर गिरमिटिया बनकर गए। वे इस भाषा को अब भी संजो रहे हैं। उनकी भोजपुरी आज की भोजपुरी नहीं, बल्कि डेढ़-दो सौ साल पहले की भोजपुरी है। लेकिन अपने देश में भोजपुरी बदलती रही है। आज भोजपुरी पर हिंदी का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इसके साथ ही स्थानीय टोन के कारण भी इसमें बदलाव होते रहे हैं। उप्र, बिहार और झारखंड भोजपुरी के गढ़ हैं, पर जहां-जहां भोजपुरिया गए हैं, इस भाषा को भी साथ लेते गए हैं। इस भाषा को ट्रिनीदाद और सूरीनाम आदि देशों में लाखों की संख्या में लोग मातृभाषा के रूप में इसका व्यवहार करते हैं।
इस भाषा के पास अपना व्याकरण भले न हो, गीतो, मुहावरों, लेखकों, गायकों से यह बहुत ही समृद्ध है। भिखारी ठाकुर से लेकर मनोज भावुक तक, नजीर हुसैन से लेकर रविकिशन तक। शारदा सिन्हा से लेकर भरत शर्मा व्यास और गोपाल राय तक। हजारी प्रसाद द्विवेदी, विवेकी राय, रामजियावन बाबला से लेकर शुकदेव सिंह और मिथिलेश्वर तक। अब तो कबीर को भी भोजपुरी का कवि माना जाने लगा है। राजनीति भी अछूता नहीं है। बाबू राजेंद्र प्रसाद तो खाटी भोजपुरिया थे। इसी कड़ी में पाठकजी को भी शामिल किया जा सकता है।
पाठकजी ने भोजपुरी में बहुत नहीं लिखा है, लेकिन जो लिखा है वह ठोस लिखा है। प्रस्तुत पुस्तक में उनकी कुल दस कविताएं शामिल की गईं हैं, संख्या में छोटी होने के बावजूद अपने विजन में विलक्षण हैं। हमें इन कविताओं को पढ़ते हुए इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ये कविताएं साठ-सत्तर के दशक में लिखी गई हैं। इसलिए प्रतीक और प्रतिमान उसी समय के हैं। कुछ कविताओं में संस्कृत के प्रतिमानों की छाया देख सकते हैं, कुछ में माटी की गंध को महसूस कर सकते हैं। एक खास तरह के देशज स्वर को भी लक्षित किया जा सकता है। यहां गीत भी है, गजल भी और कविता भी-वह भी अपनी बोली-बानी में। यहां गोर्की की पंक्तियां कौंध रही हैं। गोर्की ने लिखा है, जन सामान्य के बीच प्रचलित भाषा और साहित्य की भाषा में कोई अंतर नहीं है। भाषा जनता द्वारा निर्मित वस्तु है। जनभाषा कच्चे माल की तरह है। समर्थ साहित्यकार और रचनाकार उसका परिष्कार कर साहित्य में उपयोग करते हैं। कबीर ने ऐसा ही किया, तुलसी ने भी अवधी का संस्कार किया और सूरदास ने ब्रज को साहित्य के संस्कारों से सजाया। पाठकजी ने भी भोजपुरी में रचकर इस भाषा का सम्मान किया है। अपनी बोली बानी में जो भाव संप्रेषण हो सकता है, वह दूसरी भाषा में संभव नहीं है। इसे अफ्रीकी लेखक थ्योंगी ने भी महसूस किया है। यही कारण है कि वे अंग्रेजी भाषा में लेखन छोड़कर अपनी मातृभाषा की ओर लौटे। 
अब उनकी रचनाओं पर लौटते हैं। बात गजल से शुरू करते हैं। गजल उर्दू की विधा है। हिंदी में भी यह विधा बेहद लोकप्रिय है। भोजपुरी में गजल कहने का संस्कार आकार ले रहा है। पाठक जी की इन पंक्तियों पर गौर करें-
आम कऽफांकि कऽ बदल हउवे।
आंखि मछरी ह रूप जल हउवे।
रूप कऽ ताल में खिलत हउवे।
नैन राउर ह कि कंवल हउवे।
इस गजल में तत्सम और देशज दोनों स्वरों को पढ़ा जा सकता है, लेकिन कहीं भी यह शब्द प्रयोग खटकता नहीं है। आंखि हो या नैन या कंवल। इसकी गेयता खंडित नहीं होती। यह अलग बात है यह ये बिंब पुराने हैं। संस्कृत काव्यों में आंख की तुलना कंवल और मछली दोनों से की गई है। महाप्राण निराला ने भी अपनी राम की शक्ति पूजा में कंवल की जगह आंख को देवी के चरणों में समर्पित करने की बात कही है। इसलिए प्रतीक भले पुराने हों, स्वाद नया है। यह गजल जब आगे बढ़ती है तब कवि की पीड़ा का एहसास होता है। प्रेम में इस कदर मजरूह है कि वह निर्णय नहीं कर पाता है कि मन को तज दें या सांस को-
कब न रखलीं परान कऽ पाछे।
मन के बाकिर ई बेकहल हउवे।
एके तजदीं कि सांसि के तज दीं।
ई दरद जान से बेसहल हउवे।
कवि पेशोपेश में भी है। आखिर किसे बताए और क्या बताए कि क्या हुआ है-
का बताईं कि का भयल हउवे। 
कुछ ऐसी ही अनुभूति और संवेदना को आगे बढ़ाती है-'आंखि लागत न बाÓ। कविता में विरह की व्याकुलता है। इस व्याकुलता के कारण ही चांद की शीतलता भी विष जैसी लगती है। नेह से मातल हृदय की प्यास तो तभी बुझेगी जब आंखों की प्रतीक्षा खत्म होगी। इस लंबे गीत में परंपरा के स्वर को पहचाना जा सकता है। भोजपुरी इलाके में 'विरहÓ घर के हर हिस्से में आता है। ऐसा कोई घर नहीं जिसके घर का कोई व्यक्ति परदेस में न हो। और, यह परदेस 'कलकत्ताÓ जैसा कोई भी शहर हो सकता है। डा. राही मासूम रजा ने लिखा है कि 'कलकत्ता किसी शहर का नाम नहीं है। गाजीपुर के बेटे-बेटियों के लिए यह भी विरह का एक नाम है।Ó भिखारी ठाकुर के अनेक नाटक इसी विरह वेदना की व्याकुलता से उपजे हैं। पाठक जी ने इसे अपनी कविता में व्यंजित किया है।  कविता की पंक्तियों पर गौर करें-
आंखि लागति न बा, आंखि में आंखि बा।
तोर छोड़ल न जिनिगी जियल जाति बा।
ई दरद जाई तोसे कही बात कुल्हि।
बाति बस तोरा परतीति के बाति बा।
चान सिथिआ चुवावे कि बिखि बोवेला।
पात पीपर करेजा भइल डोलेला।
इस गीत में विरही का दर्द छलक-छलक आता है। पीपर के पात की तरह करेजा डोल रहा है। सांझ कब भोर में बदल जाती है, उसे पता ही नहीं चलता। कवि कहता है कि विरह की आगे सबसे बड़ी आग है-
ए बिरह आगि से आगि कुल्हि हेठ बा।
और, इस आग में हियरा पपिहरा के प्यास का कोई ओर-छोर नहीं है।
इस कविता को पढ़ते समय इसके पूर्व 'जिनगी क गीतÓ जरूर पढऩी चाहिए। 33 पंक्तियों की इस कविता में जिनगी का पूरमपूर दर्द समाया हुआ है। इस गीत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि , विरह, शृंगार से होते हुए यह कविता अंत में संसार की निस्सारता को दर्ज करती है। स्वप्न से शुरू होकर स्वप्र के पार की यात्रा करती है। टह-टह लाल कचनार के  फूल जस जिनगी क गीत में नेह के बिरवा से लंबी-लंबी पाती सिंची गई है। पाती के माध्यम से अंकवार में भरने की चेष्टा की गई है। पाती में सब कुछ है। हर कल्पना और स्वप्र को स्थान दिया गया है। दर्द ऐसा कि कभी-कभी नायिका कह उठती है कि हियरा को कहां पठाऊं। जिनगी क रात में मोह की नींद ने ममता के सपना को जवान कर दिया है। इस जवान होते सपने में जब वह कहती है कि मटिया क गगरी पिरितया क उझकुन, जोगवत जिनगी ओराय। इन्हीं  पंक्तियों में कविता अपना प्राप्य और अर्थ ग्रहण करती है। सारी उम्र जब दर्द का बखरा बन जाती है तब जिंदगी धुआं-धुआं हो जाती है-
मटिया क  गगरी पिरितिया का उझकुन
जोगवत जिनगी ओराय।
सगरी उमिरिया दरदिया क बखरा
छतिया क अगिया धुंआय।
एक और गीत जो 'जिनगी क पातीÓ शीर्षक से संग्रहित है। यह गीत पाठकजी की प्रिय रचना है। पाठकजी जब इस गीत को सस्वर पढ़ते हैं तो इसके कई-कई अर्थ खुलते हैं। एक तरफ यह प्रेम और विरह से जुड़ता है, जहां प्रेमी है और प्रेमिका। वहीं दूसरी तरफ जड़ और जीव के पंरपरागत द्वंद्व को भी व्यंजित करता है। उपनिषदों की पंरपरा से लेकर संत परंपरा तक में जड़, जीव, चेतन-अचेतन को लेकर जो द्वंद्व मुखर हुए हैं, वह यहां भी दिखाई पड़ता है। कहने में संकोच नहीं कि कविता की एकहरी व्याख्या नहीं की जा सकती है। लौकिकता से पारलौकिता की यात्रा भारतीय मनीषा की विशेषता रही है। द्वंद्व से पार जाने की छटपटाहट ही इसे दूसरी संस्कृतियों से अलग करता है। शंकराचार्य ने द्वैत की बात नहीं की, अद्वैत की बात की है। वह इस तथ्य से भली-भांति परिचित थे कि जहां द्वैत होगा, वहां द्वंद्व होगा ही, इसलिए वे अद्वैत की बात करते हैं। जहां दोनों न हों। कबीर ने भी लिखा है प्रेम गली अति सांकरी, तामे दो न समाय। पाठकजी भी अपनी परंपरा से कटे व्यक्ति नहीं हैं। इसलिए वे पाती के माध्यम से इस कहानी को आगे बढ़ाते हंै। प्रेमिका कहती है तनवां सउंपि दीं कि मनवां सउंपि दीं।
मतिया, पिरितिया, परनवां सउंपि दीं।
और यह समर्पण भी देखिए कि
पियवा के कुल्हि अरमनवां सउंपि दीं।
लेकिन जब गीत आगे बढ़ता है और इसका संदेश स्पष्ट हो जाता है। इन पंक्तियों में इस गीत का पूरा अर्थ समाया हुआ है-
दिया जरेला राति ताख झरे करिखा।
काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद अउरि इरिखा।।
आधि-व्याधि घोर घनघेरि करे बरिखा।
सउंसेे गियान के जियान करे तिरिखा॥
इसकी व्याख्या करने की जरूरत नहीं है।
पाठक जी का एक गीत, जिसमें बाप के मर्म और बेटी के दर्द को उड़ेला गया है, ऐसा गीत है जिसे कोई भी सुन ले तो उसकी आंखें भींग आएंगी। 'बाप के भेंटति बेटीÓ में जिन बिंबों-प्रतीकों का प्रयोग किया गया है, उसमें जो नवीनता है, जो दर्द है-वह हृदय को बेचैन कर देता है। बेटी कहती है कि मन तो कांच माटी का घड़ा है। इसमें जो पानी है वह ससुराल का रीत है। वह अपने घर को याद करती है। कहती है पिजड़े का दुख सहते नहीं सहाता है। किससे कहें अपना दुख। तुलसीदास ने लिखा है कि पराधीन सपनेहुं सुख नाहीं। लड़की जब विदा होकर जाती है और उसके कुछ दिनों बाद पिता जब लड़की के ससुराल जाता है तो लड़की अपनी पीड़ा का बयान करती है। कहती है कि सास बेसहलि चेरी समझती है तो ननद उससे भी हीन। पिया यानी पति द्वंद्व में है। वह नाता निभाता है। एक ओर पत्नी है तो दूसरी और मां और बहन। किसका पक्ष ले, किसको बोले। लड़की का दर्द छलक उठता है जब वह कहती है कि- तोहरे दुलार बाबा चित से न उतरे,
माई क सहज सनेह।
नइहर-सासुर दुई टूक जिनगी
बिधिना का अजब उरेह।
अब लड़कियां नहीं रोतीं। समाज बदल गया। लेकिन लड़की की पीड़ा अब भी वही है। सास, ननद के रिश्ते अब भी सामान्य नहीं हुए हैं। सास भी कभी बहू थी जैसे सीरीयल सालों साल चलते हैं। भले ही उसमें सास-बहू की विद्रूपता चित्रित हुई हो, लेकिन कहीं न कहीं वह टीस मौजूद है।
पाठकजी के दूसरे गीतों को भी पढ़ा जा सकता है। ऊपर जिन गीतों की चर्चा की गई है, वह उनके काव्य-व्यक्तित्व की ऊंचाई को भली-भांति रेखांकित करता है। पाठक जी शब्दों का चयन भी सोच-समझकर करते हैं। वे हड़बड़ी में किसी शब्द का प्रयोग नहीं करते। शब्दों को रखते समय जब तक वह उस शब्द से खुद संतुष्ट नहीं हो जाते, जब तक प्रयोग करते रहते, भले महीनों लग जाएं। उचित शब्द, उचित जगह पर होना चाहिए, तभी अर्थ संप्रेषित हो सकता है-ऐसा वह मानते हैं। ट्राट्स्की ने लिखा है कि कवि या कलाकार किसी भी विषय पर लिखने के लिए स्वतंत्र है, पर उसकी रचना समय की प्रगति और जीवंत विचारों की वाहक होनी चाहिए। पाठकजी को पढ़ते हुए ऐसा महसूस होना स्वाभाविक है। वह लिखते हैं, और डूबकर लिखते हैं।
पाठक जी अब हम लोगों के बीच नहीं रहे। मुंबई में 31 दिसंबर को संध्या साढ़े तीन बजे हम लोगों का साथ छोड़ गए। उनका निधन हम लोगों के लिए पहाड़ गिरने जैसा है। उनकी एक किताब पर लिखा लेख श्रद्धांजलि स्वरूप प्रस्तुत किया जा रहा है।